Skip to main content

कैवल्य का स्वरूप

 कैवल्य की अवधारणा-

भारतीय दर्शन की समस्त शाखाओं में दुःखों की निवृत्ति और परमानन्द प्राप्ति को मोक्ष कहा गया है। योगदर्शन में महर्षि पतंजलि ने इसी मोक्ष को स्वरूपावस्थान या कैवल्य कहा हैबौद्धों के मत में यही मोक्ष 'निर्वाण” पद से जाना  जाता है। जैन इसी मोक्ष को 'आर्हती दशा' कहते हैंन्याय दर्शन मे “अपवर्ग“वैशेषिक दर्शन ने मोक्ष को “नि:श्रेयस' कहा है। सांख्य दर्शन इसी कैवल्य (मोक्ष) को 'सत्वपुरुषान्यताख्याति' या 'प्रकृतिवियोग” के नाम से कहता हैं। मीमांसक 'प्रपंचसम्बन्धविलय' कहते हैं तो वेदान्त में इसी का नाम 'ब्रह्मपदावाप्ति' है।

जन्मजन्मान्तरों के संस्कारों के फलस्वरूप सुख दुःखादि का भोग करते हुए आत्मा को कष्ट की अनुभूति होती है। इसी कष्ट से मुक्ति प्राप्त करना उसका उद्देश्य है।

चार्वाक दर्शन ने मोक्ष की सत्ता और उपयोगिता को स्वीकार किया है। उनके अनुसार देह ही आत्मा है। अतः देह का विनाश ही मोक्ष है। यह मोक्ष शाश्वत है क्योंकि पुनर्जन्म की प्राप्ति नहीं होती। चार्वाक दर्शन में कहा गया है-

यावज्जीवेत्सुखं जीवत्‌ ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत। 

भस्मीभूतस्य देहस्य पुनरागमनं कुतः।। (सर्वदर्शनसंग्रह पृ. -24)

बौद्ध दार्शनिक त्रिविध दुःख स्वीकार करते हैं दुःख दुःखता, संस्कार दुःखता व परिणाम दुःखता। इन त्रिविध दुःखों से सम्पूर्ण मुक्ति ही मोक्ष या निर्वाण है। यह निर्वाण निषेधात्मक है, विध्यात्मक नही। जैसे दीपक का निर्वाण निषेधात्मक होता है। विशेषतः शून्यवादियों की यही मान्यता है- माध्यमिका वृत्ति (चन्द्रकीर्ति) यह निर्वाण प्रह्मण, प्राप्ति, उच्छेद, निषेध और उत्पत्ति से रहित माना गया है। क्योंकि अभावरूप है और सब कुछ क्षणिक है।


न्यायदर्शन में मोक्ष को अपवर्ग कहा गया है। यह अपवर्ग दुःखों का अत्यन्त अभाव रूप है

सा आत्यन्तिकी दुःखनिवृत्तिरपवर्ग: (सर्वदर्शनसंग्रह पृ. -491)

तदत्यन्तविमोक्षोऽपवर्ग: (न्यायसूत्र 1/1/22)

दुःखों का प्रधान कारण जन्म है। जन्म सकाम कर्मों में प्रवृत्ति से होता है। प्रवृत्ति दोषवशात् होती है और दोषों का कारण है मिथ्याज्ञान। प्रमाणादि षोडश पदार्थों के तत्वज्ञान से मिथ्याज्ञान की निवृत्ति होकर मोक्ष का अधिगम होता है।

वैशेषिक दर्शन में भी कैवल्य का स्वरूप न्याय के समान ही माना गया है। दोनों ही समान तन्त्र कहे जाते हैं। यहाँ कैवल्य मोक्ष को परम पुरुषार्थ कहा गया है तथा उसकी शास्त्रीय संज्ञा “निःश्रेयस' दी गई है 

दुःखात्यन्तोच्छेदापरपर्यायनि:श्रयेसरूपत्वेन परमपुरुषार्थत्वात्  - (सर्वदर्शनसंग्रह पृ.- 447) 

यह भी दुःखों का अभाव रूप है। जैसे अग्नि ईंधन को जलाकर शान्त हो जाती है, कुछ भी शेष नहीं रहता। इसी प्रकार दुःखो का नाश हो जाना कैवल्य है। कैवल्य में सुख नहीं होता।

मीमांसा के अनुसार जीवात्मा के साथ जगत् प्रेम के सम्बन्ध के विलय को मोक्ष कहा जाता है। मीमांसा जीव और जगत दोनों को नित्य मानता हैं। जगत् का प्रलय यहाँ अमान्य है। अतः जगत का विलय तो हो नहीं सकता। केवल प्रपंच के साथ जीव के सम्बन्ध का लय होता है- 

प्रपंचसम्बन्धविलयो मोक्षः  (मीमांसादर्शन;शास्त्रदीपिका, पृ.-358)


आचार्य रामानुज ने भगवान् श्रीहरि के दासत्व की प्राप्ति को ही कैवल्य कहा है। कैवल्य अवस्था में जीवात्मा भगवान का किंकर बनकर वैकुण्ठ में भगवान के चरणों में निवास करता है 

श्रीवैकुण्ठमुपेत्य नित्यमजड़ं तस्मिन् परब्रह्मण:। 

सायुज्यं समवाप्य नन्दति समं तेनैवधन्यः पुमान।

वह ब्रह्म के साथ मिलकर अभिन्न नहीं हो जाता। वह सदा ब्रह्म से पृथक ही रहता है। मोक्ष दशा में विशेष आनन्द कैवल्य का फल है। जीव स्वरूप से नित्य है। ध्रुवानुस्मृति रूप भक्ति ही मोक्ष का साधन है।

आचार्य निम्बार्क के मत में मुक्ति (कैवल्य) का अर्थ ब्रह्मलोक की प्राप्ति है। मुक्ति का एकमात्र साधन भक्ति है। भक्ति का अर्थ है शरणागति या परा- प्रपत्ति। परा प्रपप्ति में भगवान की अनुकूलता का संकल्प लेना, प्रतिकूलता का वर्जन करना, “भगवान ही रक्षा करेंगे' ऐसा विश्वास करना तथा ईश्वर के रक्षकत्व रूप महिमा का वर्णन किया जाता है। भगवान भक्त के कार्पण्य भाव से प्रसन्न होते हैं। प्रसन्न हुए भगवान भक्त को स्वकीय धाम प्रदान करते हैं।

स्वामी दयानन्द दुःखों से मुक्त होने को कैवल्य कहते हैं -जिसका दूसरा नाम मुक्ति भी है

“मु चन्ति पृथग्भवन्ति जनाः यस्यां सा मुक्ति:“ (सत्यार्थ प्रकाश नवम समुल्लास )

मुक्ति की यही सीधी सी परिभाषा है। यह जीवनकाल में भी हो सकती है और मृत्यु काल के बाद भी। जैसे लोक में मनुष्य औषधि आदि का सेवन करके कुछ काल तक रोगों से मुक्त रहता है, वैसे ही उपासना, सत्कर्म आदि के अनुष्ठान से जन्म मरण के चक्र का कुछ कालपर्यन्त निरुद्ध हो जाना मोक्ष है। वे मुक्ति का एक सीमित काल मानते हैं, आत्यन्तिक मुक्ति नहीं। आत्यन्तिक शब्द का वे अत्यधिक अर्थ करते हैं (सत्यार्थ प्रकाश )। महर्षि का कथन है कि अल्पज्ञ और अल्पशक्ति युक्त जीवात्मा का इतना सामर्थ्य नहीं हो सकता कि वह त्रिविध दुःखों से शाश्वत मुक्ति प्राप्त कर सके।
स्वामी दयानन्द जी के अनुसार ”परमेश्वर की आज्ञा पालने, अधर्म, अविद्या, कुसंग, कुसंस्कार, बुरे व्यसनों से अलग रहने और सत्य भाषण, परोपकार, विद्या, पक्षपातरहित न्याय, धर्म की वृद्धि करने, पूर्वोक्त प्रकार से परमेश्वर की स्तुति, पुरुषार्थ और उपासना अर्थात योगाभ्यास करने, विद्या पढ़ने, पढ़ाने और धर्म से पुरुषार्थ कर ज्ञान की उन्नति करने, सबसे उत्तम साधनों को करने और जो कुछ करें, वह सब पक्षपातरहित न्याय धर्मानुसार ही करें। इत्यादि साधनों से मुक्ति और इनसे विपरीत ईश्वर आज्ञा भंग करने आदि काम से बन्धन होता है। (सत्यार्थ प्रकाश) । इसके अतिरिक्त कैवल्य की प्राप्ति के लिए साधनचतुष्टय, अनुबन्ध चतुष्टय, श्रवणचतुष्टय, मैत्री करूणा आदि भावनाचतुष्टय को मुक्ति का साधन स्वीकार किया है।

सांख्य दर्शन के मतानुसार प्रकृति और पुरुष का संयोग ही बन्धन है, जिसे संसार कहा जाता है। तत्वज्ञान से इन दोनों का वियुक्त हो जाना ही मोक्ष है

पुंप्रकृत्योर्वियोगोऽपि योग इत्यभिधीयते।

पुरुष और प्रकृति का संयोग अंधे व लंगड़े के समान है। इस मत के अनुसार बन्धन व मोक्ष प्रकृति का ही होता है, पुरुष में तो उसका उपचार ही होता है। प्रकृति कार्य महत्व के आठ धर्म हैं धर्म-अधर्म, ज्ञान-अज्ञान, वैराग्य-अवैराग्य तथा ऐश्वर्य -नैश्वर्य। इनमें से सात रूपों से तो प्रकृति पुरुष को बाँधती और एक रूप से अर्थात ज्ञान से छोड़ती है

रुपैः सप्भिरेव तु बध्नात्यात्मानमात्मना प्रकृति:। 

सैव च पुरुषार्थ प्रति विमोचयत्येकरूपेण।।  (सां.का.63)

योगदर्शन के अनुसार आत्मा का स्वरूप में अवस्थान ही कैवल्य कहलाता है तथा मोक्ष की शास्त्रीय संज्ञा ही कैवल्य है। मोक्षावस्था में जीवात्मा निजस्वरूप में अवस्थित होता है, यह स्वरूपावस्थान ही कैवल्य है

तदा द्रष्ट: स्वरूपेऽवस्थानम्   (योगसूत्र 1/3)

शान्त, घोर तथा मूढधर्मों से रहित निर्विषय चैतन्यमात्र ही पुरुष का स्वरूप है। जैसे धूल मिट्टी के हट जाने पर स्फटिक मणि या दर्पण अपने स्वच्छ शुद्ध स्वरूप में अवस्थित होता है, वैसे ही वृत्ति के हट जाने पर वृत्तियों के प्रतिबिम्ब से रहित पुरुष अपने स्वरूप में अवस्थित हो जाता है।

प्रकृति और चित्त त्रिगुणात्मक हैं। त्रिगुणात्मक प्रकृति के दो ही प्रयोजन हैं. पुरुष के लिए भोग व अपवर्ग देना। जब दोनों प्रयोजन पूर्ण हो जाते हैं, तो वह निवृत्त हो जाती है। त्रिगुणात्मक होने से शान्त, घोर तथा मूढरूप है। उसके साथ पुरुष को तादात्म्य का अभिमान होने से पुरुष में भी औपाधिक शान्त, घोर और मूढरूप धर्म भासने लगते हैं। जब वृत्तिसहित चित्त अपने कारणरूप प्रकृति में लीन हो जाता है तो पुरुष में जो शान्त, घोरादि धर्म भासते थे, वे नहीं भासते। पुरुष का यह स्वरूप में अवस्थित होना ही कैवल्य की दशा कहलाती है। तत्वज्ञान चित्तवृत्तिनिरोध रूप योग से साध्य है। यह योग अभ्यास और वैराग्य रूप है। क्रियायोग, अष्टांगयोग और ईश्वर प्रणिधानरूप भक्तियोग भी कैवल्य प्राप्ति के अन्य साधन हैं। 

बन्धन और मोक्ष

योगदर्शन के अनुसार प्रकृति और पुरुष का संयोग ही बन्धन है और इन दोनों का वियोग ही मोक्ष है। प्रकृति और पुरुष का संयोग अनादि है। यह संयोग अविद्या के कारण होता है। जब विवेकज्ञान से अविद्या का अभाव हो जाता है। तो प्रकृति और पुरुष के संयोग का भी अभाव हो जाता है। यही मोक्ष या कैवल्य है।

प्रकृति के दो प्रयोजन हैं भोग और मोक्ष। बुद्धि से प्रकृति सर्वप्रथम पुरुष के लिये भोग प्रदान करती है और पुनः मोक्ष प्रदान करती है। जब उसके ये दोनों प्रयोजन सिद्ध हो जाते हैं तो प्रकृति पुरुष का साथ छोड़ देती है। चित्त भी अपने कारण रूप प्रकृति में लीन हो जाता है। योगसूत्रकार महर्षि पतंजलि ने कहा है-

पुरुषार्थशून्यानां गुणानां प्रतिप्रसवः कैवल्यं स्वरूपप्रतिष्ठा वा चितिशक्तेरिति।। (योगसूत्र 4/34)

अर्थात बुद्धि आदि के रूप में परिणत गुणों का जब भोग और अपवर्ग रूप प्रयोजन सिद्ध हो जाता है तो वे अपने अपने कारणों में लीन हो जाते हैं। यह प्रकृति का कैवल्य है। चितिशक्ति पुरुष वृत्तिसारूप्य की निवृत्ति होने पर स्वरूप में अवस्थित हो जाता है। यह पुरुष का कैवल्य है।
इस प्रकार कैवल्य दो प्रकार का हुआ गुणों का प्रकृति में लय होना और पुरुष का स्वरूप में अवस्थित होना। प्रथम मोक्ष प्रकृति को होता है और दूसरा मोक्ष पुरुष को होता है। प्रकृति पुरुषार्थ से मुक्त हो गयी और पुरुष गुणों से मुक्त हुआ। चितिशक्ति रूप पुरुष का सर्वदा उसी प्रकार से अवस्थित रहना ही पुरुष का कैवल्य है।

कैवल्य के भेद-

कैवल्य या मुक्ति दो प्रकार की है जीवन- मुक्ति तथा विदेह-मुक्ति या आत्यन्तिक मुक्ति। जीवनकाल में तत्वज्ञान होने पर पुरुष का जो स्वरूपावस्थान होता है, वह जीवन-मुक्ति है और मृत्यु के पश्चात देहपात होने पर विदेहमुक्ति होती है। तत्वज्ञान होने पर भी आयु के शेष रहते हुए शरीर संस्कारवश चलता रहता है वह काल जीवन- मुक्तिकाल कहलाता है। उस काल में योगी जो कर्म करता है, वे कर्म न तो शुक्ल होते हैं और न कृष्ण। क्योंकि उन कर्मों से संस्कार नहीं बनते। संस्कार उन्हीं कर्मों से बनते हैं जिनके साथ मन का सम्बन्ध होता है। योगी के कर्म मन से नहीं किये जाते, वे तो पूर्व अभ्यास के कारण स्वचालित यन्त्र के समान स्वयंमेव होते रहते हैं। जैसे कुम्भकार का चक्र दण्ड हटा लेने पर भी पूर्वगति के संस्कार के कारण कुछ देर तक चलता रहता है। गति का संस्कार समाप्त होते ही चक्र स्वयंमेव रुक जाता है। जीवन-मुक्त पुरुष की भी यही दशा है। वह भी पूर्व संस्कारवश देह से जीवित रहता है। आयु समाप्त होते ही वह विदेहमुक्त हो जाता है। और वह फिर जन्म-मरण के चक्ररूप इस संसार में फिर नहीं आता।

कैवल्य प्राप्ति के उपाय-

मोक्ष (कैवल्य) प्राप्ति के उपाय हेतु उपनिषदों में ज्ञान, कर्म और उपासना तीनों साधनों के साथ साथ योग को स्वीकार किया गया है। इन्हीं में से वेदान्तियों ने मात्र ज्ञान को, वैष्णवाचार्यों ने भक्ति को, मीमांसकों ने कर्म को तथा योगियों ने योग का चयन किया है।

उपनिषदों में केवल ज्ञान या केवल कर्म को मोक्ष के साधन के रूप में स्वीकार नहीं माना है, इसके अनेक प्रमाण उपनिषदों में प्राप्त होते हैं कर्मानुष्ठान द्वारा मृत्यु को पार करके ज्ञानानुष्ठान द्वारा मोक्ष की प्राप्ति मानी गई है। प्रणव उपासना व तप को भी साधन रूप में स्वीकार किया है। अन्यत्र शरणागति रूप भक्ति को मोक्ष का उपाय स्वीकार किया गया है। इस प्रकार ज्ञान, कर्म और भक्ति को कैवल्य का साधन स्वीकार किया गया है। केवल ज्ञान अथवा केवल कर्म अथवा उपासना ही इसके लिए पर्याप्त नहीं हैं। योगतत्व को मोक्षोपाय स्वीकार करके उपनिषदों में यहाँ तक कहा है कि योगाग्निमय शरीर वाले साधक को जन्म, मृत्यु और जरा नहीं सताते-

न तस्य रोगो न जरा न मृत्यु प्राप्तस्य यौगाग्निमयं शरीरम्  (श्वेताश्वतरोपनिषद् 2/12)

अतः योग द्वारा अमरत्व प्राप्ति सम्भव है। योग की अन्तिम अवस्था समाधि है। इसके उपरान्त साधक अविद्या आदि पंचक्लेशों से छूटकर संस्कारों को दग्धबीज कर देता है। जिससे संस्कार शेष नहीं रहते और जन्म आयु रूपी फल प्रदान करने में असमर्थ हो जाते हैं। इस प्रकार योग साधना द्वारा साधक जन्म-मरण के बन्धन से छूटकर आनन्द प्राप्त कर लेता है। योगाभ्यासी साधक अष्टांगयोग, क्रियायोग, अभ्यास और वैराग्य के द्वारा उस कैवल्यावस्था को प्राप्त कर लेता है, जहाँ जाकर उसे परमसुख की उपलब्धि होती है। उसे कल्पान्त तक मोक्षानन्द भोग का सामर्थ्य प्राप्त हो जाता है।

असम्प्रज्ञातसमाधि मे प्राप्त सत्वपुरुषान्यताख्यातिरूप विवेकज्ञान ही कैवल्य का एकमात्र उपाय है। यद्यपि अविद्या की निवृत्ति ही मोक्ष का हेतु है किन्तु अविद्या की निवृत्ति विवेकज्ञान द्वारा होती है। अतः विवेकज्ञान ही कैवल्य का उपाय है। महर्षि पतंजलि ने कहा है-

विवेकख्यातिरविप्लवा हानोपायः। (योगसूत्र 2/26)

अर्थात मिथ्याज्ञान रूप विप्लव से रहित विवेकख्याति ही अविद्या की निवृत्ति का तथा कैवल्य का हेतु है। शास्त्रजन्य ज्ञान से अविद्या की निवृत्ति नही होती क्योंकि वह परोक्ष ज्ञान है। विवेकख्याति अपरोक्ष ज्ञान है। इसी से अविद्या की निवृत्ति होती है। इस अवस्था को उपनिषद में कहा गया है कि सत्व, रज और तम रूप त्रिगुणात्मक प्रकृति अजन्मा है। यह त्रिगुणात्मक प्रजाओं को उत्पन्न करती है। उस प्रकृति को एक अजन्मा बद्धपुरुष तो भोगता हुआ अनुताप करता है और दूसरा अजन्मा मुक्तपुरुष भोग ओर मोक्ष देकर कृतकार्य हुई प्रकृति को छोड़ देता है।

योग की परिभाषा


Comments

Popular posts from this blog

योगसूत्र के अनुसार ईश्वर का स्वरूप

 ईश्वर-  ईश्वर के बारे में कहा है- “ईश्वरः ईशनशील इच्छामात्रेण सकलजगदुद्धरणक्षम:। अर्थात जो सब कुछ अर्थात समस्त जगत को केवल इच्छा मात्र से ही उत्पन्न और नष्ट करने में सक्षम है, वह ईश्वर है। ईश्वर के सम्बन्ध में अनेक विद्वानों के अनेक मत हैं परन्तु आधार सभी का लगभग एक ही है। इसी श्रृंखला में यदि अध्ययन किया जाए तो शंकराचार्य , रामानुजाचार्य , मध्वाचार्य , निम्बार्काचार्य , वल्लभाचार्य तथा महर्षि दयानन्द के विचार विशिष्ट प्रतीत होते हैं।  विविध विद्वानों के अनुसार ईश्वर- क. शंकराचार्य जी-  आचार्य शंकर के मतानुसार ब्रह्म अंतिम सत्य है। परमार्थ और व्यवहार रूप में भेद है। परमार्थ रुप से ब्रह्म निर्गुण, निर्विशेष, निश्चल, नित्य, निर्विकार, असंग, अखण्ड, सजातीय -विजातीय -स्वगत भेद से रहित, कूटस्थ, एक, शुद्ध, चेतन, नित्यमुक्त, स्वयम्भू हैं। उपनिषद में भी ऐसा ही कहा गया है । श्रुतियों से ब्रह्म के निर्गुणत्व, निर्विशेषत्व तथा चैतन्य स्वरूप का प्रमाण मिलता है। माया के कारण भी ब्रह्म में द्वैत नहीं आता क्योंकि यह माया सत् और असत् से विलक्षण वस्तु है। ब्रह्म ही जगत का उपादान व न...

UGC NET YOGA Upanishads MCQs

1. "योगकुण्डलिनी उपनिषद" में कौन-सी चक्र प्रणाली का वर्णन किया गया है? A) त्रिचक्र प्रणाली B) पंचचक्र प्रणाली C) सप्तचक्र प्रणाली D) दशचक्र प्रणाली ANSWER= (C) सप्तचक्र प्रणाली Check Answer   2. "अमृतबिंदु उपनिषद" में किसका अधिक महत्व बताया गया है? A) आसन की साधना B) ज्ञान की साधना C) तपस्या की साधना D) प्राणायाम की साधना ANSWER= (B) ज्ञान की साधना Check Answer   3. "ध्यानबिंदु उपनिषद" के अनुसार ध्यान का मुख्य उद्देश्य क्या है? A) शारीरिक शक्ति बढ़ाना B) सांसारिक सुख प्राप्त करना C) मानसिक शांति प्राप्त करना D) आत्म-साक्षात्कार ANSWER= (D) आत्म-साक्षात्कार Check Answer   4. "योगतत्त्व उपनिषद" के अनुसार योगी को कौन-सा गुण धारण करना चाहिए? A) सत्य और संयम B) अहंकार C) क्रोध और द्वेष D) लोभ और मोह ...

आसन का अर्थ एवं परिभाषायें, आसनो के उद्देश्य

आसन का अर्थ आसन शब्द के अनेक अर्थ है जैसे  बैठने का ढंग, शरीर के अंगों की एक विशेष स्थिति, ठहर जाना, शत्रु के विरुद्ध किसी स्थान पर डटे रहना, हाथी के शरीर का अगला भाग, घोड़े का कन्धा, आसन अर्थात जिसके ऊपर बैठा जाता है। संस्कृत व्याकरंण के अनुसार आसन शब्द अस धातु से बना है जिसके दो अर्थ होते है। 1. बैठने का स्थान : जैसे दरी, मृग छाल, कालीन, चादर  2. शारीरिक स्थिति : अर्थात शरीर के अंगों की स्थिति  आसन की परिभाषा हम जिस स्थिति में रहते है वह आसन उसी नाम से जाना जाता है। जैसे मुर्गे की स्थिति को कुक्कुटासन, मयूर की स्थिति को मयूरासन। आसनों को विभिन्न ग्रन्थों में अलग अलग तरीके से परिभाषित किया है। महर्षि पतंजलि के अनुसार आसन की परिभाषा-   महर्षि पतंजलि ने योगसूत्र के साधन पाद में आसन को परिभाषित करते हुए कहा है। 'स्थिरसुखमासनम्' योगसूत्र 2/46  अर्थात स्थिरता पूर्वक रहकर जिसमें सुख की अनुभूति हो वह आसन है। उक्त परिभाषा का अगर विवेचन करे तो हम कह सकते है शरीर को बिना हिलाए, डुलाए अथवा चित्त में किसी प्रकार का उद्वेग हुए बिना चिरकाल तक निश्चल होकर एक ही स्थिति में सु...

स्वामी विवेकानन्द का जीवन परिचय

स्वामी विवेकानन्द का नाम भारतीय नवजागरण के आन्दोलनों के सूत्रधारों में प्रमुख रूप से लिया जाता है। उन्होंने केवल भारत ही नहीं बल्कि विदेशों तक भारतीय आध्यात्मिकता एवं संस्कृति का प्रचार प्रसार किया। उन्होंने अपने गुरु से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त कर इसे आध्यात्मिक साधना के माध्यम से धर्म जगत में एक नया रूप प्रदान किया। उन्होंने लोगों को संदेश दिया और बताया कि मनुष्य संसार में सबसे ऊपर का प्राणी है। स्वामी विवेकानन्द ने विश्व बन्धुत्व व मानव सेवा को जन जन तक पहुँचा इसे मुक्ति का मार्ग बताया। स्वामी विवेकानन्द ने परमहंस के उस सिद्धान्त को सर्वत्र प्रचारित किया जिसमें कहा गया है ”'सर्वधर्म समन्वय'”। वेद का प्रथम सूत्र है “नर नारायण की सेवा” । समाज की उन्नति और कल्याण के लिए सबसे अधिक आवश्यक है कि देशवासी मनुष्य बनें वे हमेशा यह प्रार्थना करते थे कि "हे ईश्वर! मेरे देश के निवासियों को मनुष्य बनाओ। स्वामी विवेकानन्द के अनुसार ”शरीर और आत्मा मिलकर मनुष्य बनते हैं। शरीर तो आत्मा का मन्दिर है। सुन्दर मन्दिर में सुन्दर विग्रह के रहने पर 'सोने पर सुहागा' होता है।' इसलिए श...

100 YOGA MCQ with Answers for UGC NET Download pdf

YOGA MCQ in Hindi with Answers  Set-1 1. नीचे दिये गये दो कथनों   में से एक को अभिकथन (A) और दूसरे को तर्क (R) की संज्ञा दी गई है । नीचे दिये गये विकल्पों में से सही उत्तर चुनिए अभिकथन (A) : यौगिक विधियाँ अपनाकर रोगों का प्रबंधन योग चिकित्सा कहलाता है। तर्क (R) : योग चिकित्सा निवारात्मक , उपचारात्मक और पुनर्वासात्मक है। उपरोक्त दो कथनों के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन सा सही है ? (1) (A) और (R) दोनों सही हैं तथा (R), (A) की सही व्याख्या है। (2) (A) और (R) दोनों सही हैं , लेकिन (R), (A) की सही व्याख्या नहीं है। (3) (A) सही है , लेकिन (R) गलत है। (4) (A) गलत है , लेकिन (R) सही है।

International yoga day | Yoga song

           अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस योग गीत “तन मन जीवन चलो संवारें योग मार्ग अपनाएँ, वैर भाव को त्याग सभी हम गीत मिलन के गायें। आनंदमय हो जीवन सबका योग यही सिखलाये हों तनाव भयमुक्त सभी जन दिव्य प्रेम सरसायें। यम और नियम हमारे सम्बल सुखमय जगत बनाएं, आसन प्राणायाम ध्यान से स्वास्थ्य शांति सब पाएं! ऊर्जावान बने सब साधक संशय सभी मिटायें विश्व एक परिवार योग कर स्वर्ग धरा पर लाएं।”

चित्त विक्षेप | योगान्तराय

चित्त विक्षेपों को ही योगान्तराय ' कहते है जो चित्त को विक्षिप्त करके उसकी एकाग्रता को नष्ट कर देते हैं उन्हें योगान्तराय अथवा योग के विध्न कहा जाता।  'योगस्य अन्तः मध्ये आयान्ति ते अन्तरायाः'।  ये योग के मध्य में आते हैं इसलिये इन्हें योगान्तराय कहा जाता है। विघ्नों से व्यथित होकर योग साधक साधना को बीच में ही छोड़कर चल देते हैं। विध्न आयें ही नहीं अथवा यदि आ जायें तो उनको सहने की शक्ति चित्त में आ जाये, ऐसी दया ईश्वर ही कर सकता है। यह तो सम्भव नहीं कि विध्न न आयें। “श्रेयांसि बहुविध्नानि' शुभकार्यों में विध्न आया ही करते हैं। उनसे टकराने का साहस योगसाधक में होना चाहिए। ईश्वर की अनुकम्पा से यह सम्भव होता है।  व्याधिस्त्यानसंशयप्रमादालस्याविरतिभ्रान्तिदर्शनालब्धभूमिकत्वानवस्थितत्वानि चित्तविक्षेपास्तेऽन्तरायाः (योगसूत्र - 1/30) योगसूत्र के अनुसार चित्त विक्षेपों  या अन्तरायों की संख्या नौ हैं- व्याधि, स्त्यान, संशय, प्रमाद, आलस्य, अविरति, भ्रान्तिदर्शन, अलब्धभूमिकत्व और अनवस्थितत्व। उक्त नौ अन्तराय ही चित्त को विक्षिप्त करते हैं। अतः ये योगविरोधी हैं इन्हें योग के मल...

केनोपनिषद

2. केन- (केनोपनिषद- Kenopanishad)  यह उपनिषद सामवेद के “तलकवार ब्राह्मण” के 9 वें अध्याय पर है। पहले मंत्र का पहला शब्द 'केनेषितं' यानि केन से शुरू है इसलिए केन उपनिषद कहा जाता है। इसे 'जैमिनी” व “ब्राह्मणो' उपनिषद्‌ भी कहते हैं।   केनोपनिषद उपनिषद चार खण्डों में विभाजित है। प्रथम व द्वितीय खंड में- गुरु शिष्य परंपरा द्वारा प्रेरक सत्ता के बारे में बताया गया है। तीसरे और चौथे खंड में- देवताओं में अभिमान व देवी ऊमा हेमवती द्वारा "ब्रह्म तत्व' ज्ञान का उल्लेख है। मनुष्य को ” श्रेय” मार्ग की ओर प्रेरित करना इस उपनिषद का लक्ष्य है। श्रेय (ब्रह्म) को तप, दम व कर्म से अनुभव किया जाता है। ब्रह्म को ज्ञान द्वारा जानने का प्रयत्न कर सकते हैं। अमरत्व की प्राप्ति ब्रह्म ज्ञान द्वारा होती है। मुख्य विषय- इन्द्रिया एवं अन्तःकरण, स्व और मानस, सत्य का अनुभव, यक्षोपाख्यान   अंतर्यामी शक्ति- सभी इन्द्रियों का मूल परमात्मा है। जो वाणी द्वारा प्रकाशित नहीं होता बल्कि जिससे वाणी का प्रकाश होता है वह ब्रंह्म है। जो आँखों से नहीं देखा जाता बल्कि जिससे आँखें देखती है वह ब्रह्म ...

Teaching Aptitude MCQ in hindi (Free Download) - Objective type Question Answer for UGC NET JRF SET Exam

Teaching Aptitude MCQ in Hindi (Part-4) 1. बालकों के व्यवहार परिवर्तन के लिए सर्वाधिक प्रभावकारी उपाय है- (1) पुरस्कार (2) शारीरिक दण्ड (3) मधुर परामर्श (4) घर से निष्कासन   2. कक्षा में अनुशासन बनाए रखने के लिए सर्वाधिक प्रभावी उपाय है- (1) अनुशासनहीन छात्रों का निष्कासन कर देना चाहिए (2) शिक्षण कार्य यदि रोचक हो, तो अनुशासनहीनता स्वयं समाप्त हो जाएगी (3) अनुशासनहीन छात्रों को विशिष्ट सुविधाएँ प्रदान करके उन्हें प्रसन्‍न रखना चाहिए (4) अनुशासनहीन छात्रों के अभिभावकों को सूचित करना चाहिए   3. बालकों को परिश्रम करने के लिए प्रेरित करने का सर्वोत्तम उपाय है- (1) स्वयं परिश्रम किया जाए, जिसे देख करके बालक स्वत: प्रेरित होंगे (2) परिश्रम के महत्व पर व्याख्यान दिया जाए (3) परिश्रम द्वारा सफलता प्राप्त करने वालों के उदाहरण दिए जाएँ (4) परिश्रमी बालकों को पुरस्कार दिया जाए   4. बालकों में ईमानदारी का विकास किया जा सकता है यदि- (1) ईमानदारी के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला ; जाए (2) ईमानदार व्यक्तियों की सफलता के उदाहरण दिए जाएँ (3) ...

Communication MCQs for UGC NET Paper-1 (Set-2)

  1. संचार में "नॉइज़" का मुख्य प्रभाव क्या होता है? A) सूचना की स्पष्टता बढ़ाता है B) संदेश की गुणवत्ता को घटाता है C) संदेश को गुप्त करता है D) संचार प्रक्रिया को तेज करता है ANSWER= (B) संदेश की गुणवत्ता को घटाता है Check Answer   2. "समूह संचार" का प्रमुख लाभ क्या है? A) सूचनाओं का तीव्र प्रसार B) अधिक गोपनीयता C) धीमी प्रतिक्रिया D) सीमित दर्शक ANSWER= (A) सूचनाओं का तीव्र प्रसार Check Answer   3. ‘साइबर संचार’ का मुख्य माध्यम कौन सा है? A) पत्र B) ईमेल C) टेलीफोन D) टेलीविजन ANSWER= (B) ईमेल Check Answer   4. ‘संचार में प्रतिक्रिया’ (Feedback) का उद्देश्य क्या होता है? A) संदेश की पुष्टि करना B) संदेश को बदलना C) सूचना को रोकना D) संदेश को संपादित करना ANSWER= (A) संदेश की पुष्टि करना Check Answer   5. ‘क्रॉस-कल्चरल कम्युनिकेशन’ का मुख्य उद्देश्य क्या होता है? A) केवल स्...